सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा की जा रही जांच
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस से हुई झड़प के बाद हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। किसानों व खापों के समर्थन की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा रखा है। वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं कुंडली बॉर्डर पर सोनीपत पुलिस की भी एक कंपनी तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान ओलंपियन बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक व विनेश फोगाट लगातार धरना दे रहे हैं। पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह शरण की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सांसद बृजभूषण सिंह शरण पर दिल्ली पुलिस पॉक्सो समेत दो धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिसकी मांग को लेकर पहलवान डटे हैं। 3 मई की रात को पहलवानों संग दिल्ली पुलिस की झड़प के बाद उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप प्रतिनिधियों के दिल्ली में पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में तैनाती की गई है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने वाटर कैनन, रेत से भरकर डंपर व क्रेन भी बॉर्डर पर खड़े किए हैं। दिल्ली पुलिस वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली जाने दे रही है। जिससे वाहनों की कतार लग जाती है।
सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर, एक कंपनी तैनात
दिल्ली पुलिस की तरफ से सुरक्षा बढ़ाने के बाद सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल के नेतृत्व में 100 जवानों की कंपनी को तैनात किया गया है। हालांकि सोनीपत पुलिस वाहनों को नहीं रोक रही है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल का कहना है कि पुलिस को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
चेकिंग के चलते बनी जाम की स्थिति, डेढ़ किलोमीटर तक रेंग रहे वाहन
दिल्ली पुलिस की तरफ से सिंघु बॉर्डर पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर ही आगे भेजे जाने के चलते नेशनल हाईवे-44 पर जाम की स्थिति बन गई है। वाहन रेंगते हुए दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर रहे है। नेशनल हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहन फंसे हुए है। दिल्ली पुलिस के साथ ही सोनीपत पुलिस भी वाहनों को निकालने में लगे है। कुंडली की बॉर्डर के बजाय वाहनों को अन्य संपर्क मार्गों से निकाला जा रहा है। जिसके चलते सफियाबाद व औचंदी बॉर्डर पर भी वाहनों की लाइन लगी है। पुलिस को वाहनों को निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
दिल्ली रवाना हुए खाप प्रतिनिधियों को बहादुरगढ़ मेट्रो पर रोका
रोहतक में महम चौबीसी सर्व खाप पंचायत के आह्वान पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण प्रकरण को लेकर हुए फैसले के तहत रविवार को खाप प्रतिनिधियों ने दिल्ली की ओर रुख किया। रोहतक खाप 84 के अध्यक्ष हरदीप अहलावत के नेतृत्व में खाप प्रतिनिधि बहादुरगढ़ होते हुए दिल्ली की ओर बढ़े। इन्हें पुलिस ने बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन पर ही रोक लिया।
रविवार सुबह खाप प्रतिनिधियों का दल दिल्ली की ओर रवाना हुआ। इस दल को पुलिस ने बहादुरगढ़ से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन पर तैनात पुलिस ने इस दल को आगे बढ़ने से रोक दिया। यहां खाप प्रतिनिधियों व पुलिस के बीच काफी देर तक जोर आजमाइश धक्का मुक्की हुई। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि महम में हुए फैसले के तहत सभी दिल्ली कूच पर निकले हैं। शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जाएगा। जहां पुलिस रोक देगी वहीं से वापस लौट जाएंगे।
इधर, सांघी से 7-8 लोगों के साथ दिल्ली रवाना हुए। इसके अलावा मोनिका सिसरोली, हुड्डा खाप की तरफ से कृष्ण लाल हुड्डा, देशवाल खाप की तरफ से संजय लाढोत, लाखन माजरा से सुरेंद्र, औम प्रकाश सतगावां प्रधान सुनारिया समेत अनेक लोग दिल्ली रवाना हुए।
कुरुक्षेत्र में जनसंघर्ष मंच का प्रदर्शन
कुरुक्षेत्र में जनसंघर्ष मंच दिल्ली में आंदोलनरत खिलाड़ियों के पक्ष में उतर आया। पुराने बस अड्डे पर दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन सुदेश कुमारी के नेतृत्व में किया गया। सुदेश कुमारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने खिलाड़ियों के साथ बदसलूकी की है, जो किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जा सकती। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सरकार को खिलाड़ियों की मांगों व समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यह सरकार की नाकामी है कि खिलाड़ी जिन्हें मैदान में होना चाहिए था, आज वे इतने दिनों से धरना देने को मजबूर हैं।