राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षा के इस मंदिर से बाहर जाने के बाद भी विद्यार्थियों को अधिक उत्साह के साथ अपने क्षेत्र में काम करना है। एक्सिस एयरोस्पेस एंड टेक्नालॉजी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एस रविनारायणन ने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद विद्यार्थी के एक नए जीवन की शुरूआत हुई है। एनआईटी के निदेशक पदमश्री डॉ. सतीश कुमार ने मेहमानों का स्वागत किया और एनआईटी की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
दीक्षांत समारोह में कुल 1339 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। इसमें बैचलर आफ टेक्नालॉजी के विद्यार्थियों को 847 डिग्रियां, मास्टर ऑफ टेक्नालॉजी के विद्यार्थियों को 317 डिग्रियां, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के विद्यार्थियों को 24 डिग्रियां, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशंस के विद्यार्थियों को 73 व डॉक्टर ऑफ फिलोसफी के विद्यार्थियों को 78 डिग्रियां प्रदान की गईं।
बेस्ट ऑल राउंडर के खिताब से प्रोडेक्शन एवं इंडस्ट्रिल (मेकेनिकल विभाग) के छात्र अक्षत सिंघल व कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा रविशा को नवाजा गया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले 100 विद्यार्थी शामिल हैं। एक्सिस एयरोस्पेस एंड टेक्नालॉजी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एस रविनारायणन को एनआईटी की तरफ से डाक्टेरेट ऑफ फिलोसिपी की डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि एस रविनारायणन को विद्यावाचस्पति (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. सत्यहंस ने किया। इस मौके पर सांसद नायब सिंह सैनी, कुलसचिव डा. सुरेंद्र देशवाल उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा, पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी, प्रोफेसर अखिलेश स्वरूप, प्रोफेसर ज्ञान भूषण सहित अन्य डीन, निदेशक, अधिकारी और शिक्षक मौजूद थे।