चंडीगढ़ से अमृतसर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का एसी सिस्टम फेल होने के कारण यात्रियों ने ट्रेन रुकवा दी। ट्रेन स्टेशन से कुछ दूरी पर ही करीब आधा घंटा खड़ी रही।
काफी देर तक यात्री स्टेशन प्रबंधन से बहस करते रहे। बाद में एसी कोच वाले यात्रियों को नॉन-एसी में एडजस्ट करवाकर अमृतसर भेजा गया। कुछ यात्रियों ने तो अपनी टिकट ही रिफंड करवा ली।
जानकारी के अनुसार, शाम को 5.10 बजे चंडीगढ़ से अमृतसर जाने वाली ट्रेन का स्टेशन से आधा किलोमीटर दूर जाते ही एसी बंद हो गया। गाड़ी में लगा एसी जेनरेटर कार में कुछ खराबी आ गई। इससे नॉन-एसी कोच में लगे पंखे और लाइटें भी बंद हो गईं।
एसी कोच के यात्रियों ने हंगामा शुरू किया और ट्रेन रुकवा दी। इस ट्रेन में एकमात्र एसी कोच है, जिसमें करीब 25 यात्री अमृतसर के लिए सफर कर रहे थे।
7 घंटे लेट पहुंची अमृतसर-लालकुआं
अमृतसर से लालकुआं जाने वाली ट्रेन बुधवार को 7 घंटा देरी से पहुंची। ये ट्रेन सुबह 10.30 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है, लेकिन बुधवार को ये शाम को करीब साढ़े 5 बजे आई।