राज्यसभा में एंट्री के साथ ही दीपेंद्र हुड्डा चौथी बार सांसद बन गए हैं। इससे पहले वे रोहतक सीट से तीन बार लोकसभा सांसद रहे हैं। सांसद के तौर पर 42 साल की उम्र में यह उनकी चौथी पारी है। इससे पूर्व कमलनाथ 45 साल की उम्र में चार बार सांसद हुए थे। अपनी राज्यसभा में एंट्री से उत्साहित दीपेंद्र अब 31 मार्च के बाद से हरियाणा में दौरा शुरू करेंगे।
हरियाणा से कांग्रेस के वे इकलौते सांसद हैं। इसलिए इस बार उनके लिए क्षेत्र की बंदिश भी नहीं है। सांसद निधि के साथ पूरे प्रदेश का दौरा कर वे खुल कर ग्रांट बांटने का काम करेंगे। जहां देश में कांग्रेस इस समय संकट के दौर से गुजर रही है। ऐसे में हरियाणा में 31 विधायक आना और दीपेंद्र का राज्यसभा तक पहुंचना केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी उम्मीद की किरण है।
कांग्रेस में दीपेंद्र को ज्योतिरादित्य, सचिन पायलट के साथ के यूथ लीडर के तौर पर देखा जाता था लेकिन ज्योतिरादित्य के कांग्रेस को अलविदा कहने के बाद दीपेंद्र ही उम्मीद की किरण बन कर उभरे हैं। उत्साहित दीपेंद्र ने बुधवार को दिनभर चंडीगढ़ आवास पर लोगों से मुलाकात की और कार्यकर्ताओं को यह आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही उनके क्षेत्र का दौरा करेंगे।
दीपेंद्र का कहना है कि अभी तक उनका फोकस रोहतक पर रहता था लेकिन अब पूरे हरियाणा में वे अपने दौरे करेंगे। राज्यसभा में हरियाणा की सभी बिरादरियों के लिए प्रतिनिधित्व करने का मौका उन्हें मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर बरते जा रहे एहतियात के कारण 31 मार्च के बाद वे अपने दौरे शुरू करेंगे।
सत्ता में सब समय का फेर है
विधानसभा में हुड्डा समर्थकों में यह चर्चा रही कि राजनीति समय का फेर है। बड़े हुड्डा से सरकार 70 नंबर कोठी खाली करवा ली थी। अब नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद वापस मिल गई। रोहतक और सोनीपत ने लोकसभा चुनाव में पिता पुत्र को नहीं जितवाया, लेकिन समय का फेर है कि चंद ही माह बाद दीपेंद्र को राज्यसभा में एंट्री मिल गई।