फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: हरियाणा के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के सेवा विस्तार पर इसी माह होगा फैसला

Sat, 23 Jul 2022 10:19 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

हरियाणा में आईएएस की 215 कैडर पोस्ट हैं। इन पर 167 आईएएस अधिकारी कार्यरत हैं। दिसंबर महीने तक 10 आईएएस सेवानिवृत्त होंगे। इससे अफसरों की संख्या कम होकर 157 हो जाएगी।
विज्ञापन
Haryana CM Manohar Lal - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के सेवा विस्तार पर फैसला इसी महीने हो जाएगा। प्रदेश सरकार ने आईएएस देंवेंद्र सिंह, राजीव अरोड़ा और पीके दास को सेवा विस्तार देने का प्रस्ताव केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को भेजा हुआ है। मुख्य सचिव संजीव कौशल की इस बारे में बीते दिनों दिल्ली में केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव के साथ बैठक भी हुई है।  

विज्ञापन


गृह व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा, सिंचाई व टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह 31 जुलाई को और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सरकार अपने इन विश्वासपात्र अफसरों के लिए दो साल तक का सेवा विस्तार चाहती है। 31 जुलाई को सेवानिवृत्ति के कारण 29 जुलाई तक देवेंद्र सिंह और राजीव अरोड़ा के सेवा विस्तार पर फैसला हो जाएगा। 

शुक्रवार इस महीने का अंतिम कार्य दिवस है, 30 और 31 जुलाई को अवकाश रहेगा। अंतिम कार्य दिवस को केंद्र से आदेश आने पर ही इन दोनों आईएएस का सेवा विस्तार पहली अगस्त से शुरू होगा। अन्यथा ये 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। माना जा रहा है कि पीके दास के सेवा विस्तार के आदेश भी इनके साथ ही आएगा।

सेवा विस्तार की प्रक्रिया में लगता है तीन महीने का समय

केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से सेवा विस्तार पाने की प्रक्रिया लंबी है और इसमें तीन महीने का समय लगता है। देवेंद्र सिंह, अरोड़ा और दास की सेवाएं जारी रखने के लिए सरकार ने कुछ समय पहले ही प्रस्ताव भेजा है। केंद्र की ओर से उसे अस्वीकार न कर दिया जाए, इसीलिए मुख्य सचिव दिल्ली में बैठक कर सेवा विस्तार के लिए प्रदेश सरकार के तर्क रखकर आए हैं। 

विज्ञापन


वरिष्ठ आईएएस पीके दास को सेवा विस्तार मिलने पर वित्तायुक्त बनने की आस लगाए कई आईएएस अफसरों की उम्मीदों पर पानी फिरेगा। हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह सेवा विस्तार पर स्थिति साफ हो जाएगी। दास के पास अभी समय है, लेकिन अरोड़ा व देवेंद्र के आदेश शुक्रवार तक आना जरूरी हैं।

जुलाई-अगस्त में ये आईएएस भी होंगे सेवानिवृत्त

 राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव आरएस वर्मा और निदेशक पर्यटन अमरजीत मान 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। हिसार के मंडलायुक्त चंद्रशेखर 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे। 

आईएएस की चल रही प्रदेश में कमी

हरियाणा में आईएएस की 215 कैडर पोस्ट हैं। इन पर 167 आईएएस अधिकारी कार्यरत हैं। दिसंबर महीने तक 10 आईएएस सेवानिवृत्त होंगे। इससे अफसरों की संख्या कम होकर 157 हो जाएगी। दिसंबर तक 12 आईएएस पदोन्नति कोटे से मिलने हैं। इनकी फाइल भी प्रदेश सरकार ने केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को भेजी हुई है, इनमें एचसीएस कार्यकारी शाखा से सात और गैर एचसीएस से पांच अधिकारी पदोन्नत होकर आईएएस बनेंगे। दिसंबर में 12 नवपदोन्नत आईएएस मिलने पर संख्या 157 से बढ़कर 169 हो जाएगी। बावजूद इसके 46 पद फिर खाली रह जाएंगे। 16 आईएएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें