चंडीगढ़। डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन चंडीगढ़ ने ट्रिब्यूनल के प्रिजाइडिंग अफसर पर वकील बिरादरी को अपमानित किए जाने का संगीन आरोप लगाते हुए अदालत का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। एसोसिएशन के मुताबिक प्रिजाइडिंग अफसर के तबादले तक वकील संघर्ष जारी रखेंगे। एसोसिएशन के मुताबिक पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने भी डीआरटी बार एसोसिएशन के बहिष्कार को समर्थन देने का भरोसा दिया है।
इस संदर्भ में डीआरटी बार रूम में आयोजित एसोसिएशन की एक अहम बैठक के दौरान प्रिजाइडिंग अफसर के खिलाफ ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित किया गया । बैठक में प्रिजाइडिंग अफसर को स्थानांतरित किए जाने तक अदालत का बहिष्कार करने का फैसला किया गया। केंद्रीय वित्त मंत्रालय सचिव को लिखे एक पत्र में एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित रिशी और महासचिव सुमित बतरा ने कहा है कि प्रिजाइडिंग अफसर एमएम धोनचक के अड़ियल रवैये को लेकर वकीलों को जबरदस्त मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि धोनचक एसोसिएशन के वकील सदस्यों को खुली अदालत में अपमाननित करते हैं। नियमित मुख्य पीठासीन अधिकारी होने के नाते वह वकीलों की उपस्थिति के लिए मजबूर करते हैं। जो सदस्य उपलब्ध नहीं होते उनके मामलों को खारिज करने या आर्थिक दंड लगाने की धमकी देते हैं।