अपने ससुराल में बुधवार सुबह फंदे पर लटकते मिले शिल्पा नामक नवविवाहिता के शव के मामले में मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल के लोगों ने उसकी हत्या की है। उन्होंने वीरवार को मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर घरोटा थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने थाने के बाहर मृतका का शव रखकर हंगामा काटा। साथ मृतका की जेठानी के खिलाफ भी पर्चा दर्ज करने की मांग की। मामला तब शांत हुआ जब पुलिस ने जेठानी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली। डीएसपी पीएस विर्क ने उन्हें आश्वासन दिया कि फरार सास व जेठानी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा ।
घरोटा क्षेत्र में बुधवार सुबह 22 वर्षीय नवविवाहिता शिल्पा की फंदे पर लटकती लाश मिली थी। वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद शिल्पा के परिजनों ने शव को घरोटा थाने के बाहर रखकर रोष प्रदर्शन किया। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल के लोगों ने हत्या के बाद उसे आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। शिल्पा के ससुराल वालों ने बुधवार सुबह शिल्पा के मायके वालों को फोन कर इसकी सूचना दी थी।
उन्होंने बताया कि शिल्पा ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद शिल्पा के माता-पिता घरोटा पंहुचे। वहां उन्होंने देखा कि शिल्पा का शव बेड पर पड़ा था और ससुराल वाले मौके से फरार थे। पुलिस ने शिल्पा के ससुर सुभाष व जेठ सुमित को हिरासत में ले लिया है। जबकि सास फरार है। शिल्पा के परिजनों ने प्रदर्शन के दौरान मांग किया कि मामले में शिल्पा की जेठानी डॉली पर भी पर्चा दर्ज किया जाए, क्योंकि वह भी मामले में शामिल है। इसी मांग को लेकर उन्होंने घरोटा थाने के बाहर शव रखकर करीब एक घंटे तक धरना दिया।
विवाहिता ने निगला जहर, मौत
गुरदासपुर । थाना क्षेत्र कलानौर के गांव औजला में एक नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतका की बहन के बयान के आधार पर पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है।
मामले की जांच कर रहे गुरदर्शन सिंह ने बताया कि गुरमीत कौर (21) पत्नी सर्वजीत सिंह निवासी गांव औजला की बहन भोली निवासी गांव भुल्लर ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी करीब एक माह पहले ही सरबजीत सिंह से हुई थी। गुरमीत हमें बताती थी कि सरबजीत उसके साथ मारपीट करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरबजीत ने ही उसकी बहन को जान देने के लिए मजबूर किया। उधर, मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को वारिसों के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी सरबजीत की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।