लुधियाना के फोकल प्वाइंट फेस पांच स्थित इलाके के एक कमरे में दंपती का शव मिला है। कमरे में जिस समय शव मिले उस समय एक बर्तन में कोयल जल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है।
सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद मृतकों की पहचान करण (40) और उसकी पत्नी कमल (38) के तौर पर बताई है।
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस आगे की जांच के लिए जुट गई है।
सात साल पहले हुई थी शादी, नहीं था बच्चा
जानकारी के मुताबिक करण एक एक्सपोर्ट फैक्टरी में काम करता है जबकि उसकी पत्नी निजी फैक्टरी में काम करती है। दोनों पिछले सात साल से किराए पर रह रहे हैं। दोनों की शादी को भी सात साल हो चुके हैं लेकिन उनका कोई बच्चा नहीं है।
फैक्टरी नहीं आने पर दोस्तों को हुई थी चिंता
मंगलवार को करण जब फैक्टरी नहीं आया तो देर रात उसके साथियों ने पहले करण और उसके बाद उसकी पत्नी को फोन किया। दोनों ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद करण के साथी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने इसकी जानकारी घर के मालिक और पुलिस को दी। इसके बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस और घर के मालिक वहां पहुंचे। लोगों के सामने ही दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर दोनों के शव पड़े हुए थे।
करण का शव बेड पर और उसकी पत्नी का शव नीचे जमीन पर पड़ा हुआ था। घर में कोयले भी जले हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। थाना फोकल प्वाइंट के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा कि दोनों की मौत कैसे हुई है।