डेरा सच्चा सौदा सिरसा के परिसर में 600 नर कंकाल होने का सच सरकार पता लगाएगी। नर कंकालों को जमीन से बाहर निकालने से पहले डेरा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पीआर नैन के खुलासे की तह तक भी जाया जाएगा।
नैन की एसआईटी को पूछताछ में दी जानकारी के बाद सरकार भी सकते में है। एसआईटी अब नैन से और गहन पूछताछ करेगी। चूंकि, उसने अपने खुलासे में यह दावा नहीं किया कि नर कंकाल मारे गए लोगों के हैं या नहीं। उसने एसआईटी को देहदान करने वाले लोगों का रिकार्ड सौंपा है। अब पुलिस यह पता लगाएगी कि नैन का दावा सच है या नहीं। डेरे में दबाए गए नर कंकाल मारे गए लोगों के हैं, या फिर नदी से उठाकर लाकर दफनाए गए। इसकी तह तक भी जाने की तैयारी में है कि कितने लोगों ने स्वेच्छा से देहदान किया है।
नैन की चौंकाने वाली जानकारी के बाद बुधवार को चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय बैठकों का दौर चला। गृह सचिव और डीजीपी की भी लंबी बैठक हुई। इसमें नैन की जानकारी के सभी पहलुओं पर गंभीर मंथन किया गया है। चूंकि, डेरे के पूर्व सेवादार गुरदास सिंह अंग अंग तस्करी के आरोप डेरा पर लगा चुके हैं।