यूटी प्रशासन के हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी के सब-ग्रुप ने बुधवार को सुखना झील के किनारे एक नए साइकिल ट्रैक के निर्माण को मंजूरी दे दी। यह साइकिल ट्रैक सुखना लेक के किनारे बनेगा जो, गोल्फ कोर्स के पीछे से होते हुए गार्डन ऑफ साइलेंस से जुड़ेगा।
इस नए साइकिल ट्रैक के बनने से किशनगढ़ जाने वाले साइकिल सवारों को भी काफी फायदा होगा। वर्तमान में सुखना लेक के मेन गेट से गार्डन ऑफ साइलेंस जाने के लिए किसी को भी यूटी गेस्ट हाउस और पंजाब राज भवन के सामने से होते हुए सुखना लेक पीछे के रास्ते से जाना पड़ता था।
इस नए ट्रैक के बनने से लोगों का काफी समय भी बचेगा क्योंकि उनका रास्ता कुछ किमी कम हो जाएगा। ट्रैक को इस शर्त पर मंजूरी दी गई है कि इस पर सिर्फ साइकिल चलाने की ही अनुमति होगी, साइकिल-रिक्शा या गैर-मोटर चालित वाहन इस पर नहीं जा सकेंगे।