चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस साइकिल ट्रैक पर ही साइकिल पार्किंग बनाने पर विचार कर रहा है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है। यूटी ट्रैफिक पुलिस ने शहर में साइक्लिंग को बढ़ावा देने और सड़क हादसों से साइकिल चालकों को बचाने के लिए यह कवायद शुरू की है।
पुलिस चाहती है कि भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर साइकिल चालक साइकिल ट्रैक के साथ ही अपनी साइकिल पार्क कर आगे बाजार पैदल जाएं। ताकि उन्हें मुख्य सड़क पर साइकिल लेकर उतरना ही न पड़े। वह जहां तक साइकिल ट्रैक बना है, वहीं तक जाएंगे और आगे पैदल मार्केट में जाएंगे। इससे हादसों में भी कमी आएगी।
डीएसपी ट्रैफिक (सेंट्रल) कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने शहर में साइकिल ट्रैक के साथ खाली पड़े स्थानों पर साइकिल पार्किंग के लिए प्रस्ताव प्रशासन को भेजा है। साथ ही पुलिस ने सप्ताह में एक दिन कार फ्री डे मनाने का भी प्रस्ताव भेजा है।
ट्रायल के तौर पर पुलिस 9 फरवरी को कार फ्री डे मना रही है। इस दिन लोगों से अपील की जाएगी कि वह 9 फरवरी को कारों में न आकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। इससे शहर में प्रदूषण का लेवल भी घटेगा और सड़कों पर भीड़ कम रहेगी।
पुलिस का कहना है कि पिछले दो महीनों में ही शहर में 31 लोग हादसों में जान गवां चुके हैं। दिसंबर में 19 लोग सड़क दुर्घटना में मारे गए। जबकि इस साल का पहला महीना भी हादसों से भरा रहा। जनवरी में 12 लोगों की जानें गईं।
वहीं हर साल जनवरी में ट्रैफिक जागरूकता सप्ताह मनाने वाली यूटी पुलिस इस बार फरवरी में ट्रैफिक वीक मनाएगी। पुलिस का कहना है कि अगले हफ्ते ट्रैफिक पुलिस वीक का आयोजन किया जाएगा। जनवरी में फ्रांस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की सुरक्षा के इंतजाम में व्यस्त रहने के कारण ट्रैफिक वीक का आयोजन नहीं किया जा सका था।