शहर के ज्वैलर्स का कहना है कि कीमतों में उतार-चढ़ाव से ग्राहक परेशान हैं और बाजार में खरीदारी कम हो रही है। मनीमाजरा स्थित आत्माराम ज्वेलर्स के मालिक मनप्रीत ने बताया कि ग्राहक को सुविधा देने के लिए बुकिंग की व्यवस्था की जा रही है ताकि बाद में रेट बढ़ने पर भी गहने उसी दर पर दिए जा सकें। मान लें अगर सोने की बुकिंग 1.50 लाख रुपये तोले के हिसाब से होती है और 20 दिन बार अगर खरीदते हैं तो पुरानी दर पर ही आपको सोना मिलेगा। उन्होंने बताया कि शादी का सीजन होने के बावजूद ग्राहक कंफ्यूजन में हैं। सोमवार को बाजार खुलने पर एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
किस्तों में खरीदारी से घटेगा जोखिम
सुंदर ज्वैलर्स के मालिक महेंद्र सुराना का कहना है कि सोने और चांदी के दामों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से ग्राहक ही नहीं बल्कि कारोबारी भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात में एकमुश्त बड़ी खरीदारी करना जोखिम भरा हो सकता है। बेहतर यह है कि यदि किसी ग्राहक को करीब 10 लाख रुपये तक के गहने खरीदने हैं तो वह पूरी रकम एक साथ खर्च करने की बजाय तीन अलग-अलग हिस्सों में खरीदारी करें। इससे कीमतों में अचानक गिरावट या बढ़ोतरी का असर कम पड़ेगा और नुकसान की संभावना भी घटेगी।
महेंद्र सुराना ने कहा कि कीमतों में अस्थिरता के कारण कई ग्राहक फैसला लेने में हिचकिचा रहे हैं। ऐसे में चरणबद्ध तरीके से खरीदारी करने से ग्राहक को मानसिक संतुलन भी मिलता है और बजट को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए समझदारी भरा फैसला ही ग्राहक के हित में रहेगा।
ग्राहकों का बजट बिगड़ा, मध्यम वर्ग पर बढ़ा दबाव
सेक्टर- 22 मार्केट में गहने खरीदने पहुंची ग्राहक ज्योति ने बताया कि उनकी बहन की शादी 20 फरवरी को है और इसी वजह से उन्हें गिफ्ट के लिए सोने के गहने खरीदने थे। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से सोने और चांदी के दाम रोज बदल रहे हैं जिससे बजट गड़बड़ा गया है। कभी दाम बढ़ जाते हैं तो कभी अचानक गिरावट आ जाती है जिससे खरीदारी का फैसला लेना मुश्किल हो गया है। ज्योति ने कहा कि मध्य वर्ग के परिवारों के लिए इस तरह का उतार चढ़ाव काफी परेशान करने वाला है क्योंकि सीमित बजट में शादी की तैयारियां करना पहले ही चुनौती भरा होता है।
एक साल में सोना और चांदी रिकॉर्ड स्तर पर महंगे
एक साल के दौरान सोने और चांदी के दामों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 29 जनवरी की दरों के अनुसार सोना करीब एक लाख रुपये प्रति तोला तक महंगा हो चुका है जबकि चांदी में लगभग ढाई लाख रुपये प्रति किलो की तेजी आई है। एक साल पहले जहां सोना 75 से 78 हजार रुपये प्रति तोला के आसपास था वहीं चांदी करीब 90 हजार रुपये प्रति किलो मिल रही थी। कीमतों में इस तेज उछाल से आम ग्राहकों की खरीदारी क्षमता पर सीधा असर पड़ा है।