कोरोना की जांच के लिए स्वास्थ्य कर्मी ने लिया सैंपल।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार ने कोरोना के खिलाफ जारी मौजूदा जंग में दो नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं, जो व्यक्तियों अथवा संस्थाओं को विदेश से राज्य में आने वाली किसी भी तरह की कोविड राहत पर टैक्स से छूट देने का कार्य करेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि भारत में बाहर से आने वाली सहायता के सुचारु प्रवाह के लिए केंद्र सरकार ने आयातित कोविड राहत सामग्री पर कस्टम ड्यूटी और एकीकृत टैक्स से छूट दी है।
प्रवक्ता ने बताया कि ऐसी रियायतों का लाभ उन्हीं आयातित चीजों पर लिया जा सकता है, यदि वह भारत में बाहर से मुफ्त भेजी गई हों और भारत में मुफ्त बांटी जा रही हों। इन छूटों का लाभ लेने के लिए कोई भी पंजाब सरकार द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारियों से संपर्क कर सकता है। कोई भी व्यक्ति, जो विदेश से भारत में कोविड राहत के लिए कोई सामान मुफ्त बांटने के लिए भेजना चाहता है, वह इन अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।
सरकार ने पगरेक्सको को बनाया नोडल एजेंसी
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में पंजाब सरकार द्वारा पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (पगरेक्सको) को ऐसी सामग्री के आयात के लिए नोडल एजेंसी के तौर पर अधिकृत किया गया है। इसके अलावा पंजाब में कोई भी संस्था जो मुफ्त बांटने के लिए भारत में कोविड राहत की वस्तुओं का मुफ्त आयात करना चाहती है, वह पोर्टल https://taxation.punjab.gov.in/imports/ पर अप्लाई कर सकती है। एक बार सरकार द्वारा अधिकृत होने के बाद कोई भी व्यक्ति या संगठन मौजूदा मुश्किल घड़ी में बिना किसी टैक्स के ऐसी वस्तुओं का आयात कर सकता है।
ये हैं नोडल अधिकारी
कुमार राहुल (आईएएस) मोबाइल नंबर 9876164787 व ई-मेल: mdnrhmpunjab@gmail.com और sha.phse@gmail.com
रवनीत सिंह खुराना (आईआरएस सी एंड आईटी) मोबाइल नंबर 9560954405 व ईमेल: gst.audit@punjab.Gov.in