धड़कनें बढ़ती हुईं.... ट्वेंटी-ट्वेंटी की बेसब्री से बेकरारी...घड़ी की सुई ठीक 12 बजे पर जाकर रुकी नहीं कि सेक्टर-17 के प्लाजा में हुड़दंगबाजी शुरू हो गई। एक ओर थे हु़ड़दंगबाज और दूसरी तरफ पुलिस। बस फिर क्या था.. एक ओर युवक पोल पर चढ़ गए तो दूसरी ओर पुलिस का डंडा उठा और युवकों को नीचे उतारा गया। चंडीगढ़ में जहां यूथ ने जश्न का माहौल तैयार कर दिया था, वहीं पुलिस भी इस माहौल को न गरमाने देने की तैयारी की थी।
सेक्टर 17 प्लाजा में पोल पर चढ़कर युवकों ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। यह देखकर पुलिस ने डंडे बरसाना शुरू कर दिया। उन्हें किसी तरह नीचे उतारा। रात 12 बजते ही जगह-जगह जश्न शुरू हो गया। सड़कों पर नजारा ऐसा था मानो सारे चंडीगढ़िये एक साथ इकट्ठे हो गए हों। चारों ओर हैप्पी न्यू ईयर की आवाजें गूंजने लगीं। हालांकि, रात 10 से नववर्ष सुबह 2 बजे तक पुलिस का जगह-जगह कड़ा पहरा होने पर यूथ ज्यादा हुड़दंग नहीं मचा सके।
शाम 8 बजे से ही अरोमा लाइट प्वाइंट, एलांते मॉल, सेक्टर 7, 8, 9, 10, 11 और 12 (मध्यमार्ग) के अलावा अंदरूनी सड़कों पर पुलिस ने खास इंतजाम किया हुआ था। इसके अलावा एलांते मॉल और सेक्टर 17 प्लाजा के चारों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी। हालांकि, जगह-जगह छुटपुट लोग आपस में शराब के नशे में भिड़ भी गए। इसके बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में डीएसपी, 16 एसएचओ, 22 इंस्पेक्टर समेत 1199 पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला हुआ था।
जगह-जगह लगा ड्रंकन ड्राइव का नाका
ट्रैफिक और थाना पुलिस की ओर से शहर के कई हिस्सों में ड्रंकन ड्राइव का नाका लगाया गया। सेक्टर 26/27 डिवाइडिंग रोड पर ट्रैफिक पुलिस ड्रंकन ड्राइव का नाका लगाया तो वहां गाड़ियों की करीब दो किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। जिसे देखकर नाके पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर कपिल देव ने गाड़ियों को निकलवाना शुरू कर वहां से जाम हटाया।
12 बजे डिस्क कराया पुलिस ने बंद
एलांते मॉल, सेक्टर 26, अरोमा लाइट प्वाइंट समेत सेक्टर 17 प्लाजा में एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले ने भी दौरा कर वहां का जायजा लिया। इसके अलावा रात 12 बजते ही पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने एरिया में डिस्क को बंद करवाना शुरू कर दिया।