चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की लांग रूट में चलने वाली और दूसरे राज्यों में जाने वाली बसें अब प्राइवेट ढाबों पर नहीं ठहरेंगी। ऐसा इसलिए होगा कि प्राइवेट ढाबों पर ठहराव के कारण यात्रियों से ओवरचार्ज किया जा रहा था। इसकी शिकायतें सीटीयू को मिल रही थीं।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू एंड कश्मीर और राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए सीटीयू की बसें जाती हैं। लांग रूट की बसों में रोजाना सैकड़ों यात्री यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखकर सीटीयू प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि अब बसें सरकारी ढाबों, रेस्टोरेंट और होटलों पर ठहराव करेंगी। सीटीयू प्रबंधन का कहना है कि सीटीयू बसों के ड्राइवर्स को निर्देश दिया है वे इसका पालन करें। आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।