चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) बस चालक का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए बस चला रहा है। किसी यात्री ने चालक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बस चालक पर बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित सफर की जिम्मेदारी होती है, लेकिन चालक की छोटी सी लापरवाही का अंजाम बस में सवार सभी यात्रियों को भुगतना पड़ सकता है। ड्राइवर की हल्की सी चूक बड़ा नुकसान कर सकती है। वहीं, ट्रैफिक नियम भी कुछ ऐसा ही कहते हैं कि वाहन चलाते समय चालक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकता।
विज्ञापन
एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चंडीगढ़ की सरकारी बस का चालक मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा है। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (सीटीयू) बस चालक मोबाइल पर गप्पें मारता हुआ बस चला रहा है। बस में सवार किसी यात्री ने चालक की इस हरकत को अपने मोबाइल फोन पर कैद किया है, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है।
विज्ञापन
वीडियो में साफ दिख रहा है कि चालक बस की ड्राइवर सीट पर वर्दी पहने हुए बस चला रहा है। वीडियो पूरे 25 सेकेंड का है। पूरे वीडियो में चालक मोबाइल बात करता हुआ ड्राइव कर रहा है। चालक के एक हाथ में बस का स्टेयरिंग है और दूसरे हाथ में तीन कैमरों वाला मोबाइल फोन है, जिसे वह कान से लगाए बातें करते हुए बस चला रहा है। जानकारी के अनुसार यह वीडियो तीन से चार दिन पुराना है। सीटीयू की यह बस आईएसबीटी सेक्टर-17 से आईएसबीटी सेक्टर-43 की तरफ जा रही है।
ट्रैफिक नियमों की सख्ती के लिए जाना जाता है चंडीगढ़
यातायात नियमों की सख्ती को लेकर सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की अपनी अलग पहचान है। क्योंकि शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी वाहन चालक के लिए चालान के तौर पर महंगी पड़ जाती है। शहर के हर लाइट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल हैं, जिससे छोटी सी गलती पर भी चालान कट जाता है। शहर में ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों का चालान आम बात है। यही वजह है कि वाहन चालक शहर में ड्राइविंग के दौरान एहतियात बरतते हैं। हालांकि सभी वाहन चालक ऐसा नहीं करते। नियमों की अवहेलना करने पर चंडीगढ़ में एक दिन में सैकड़ों ऑनलाइन चालान होते हैं।