चंडीगढ़। सेक्टर-30 स्थित सीएसआईआर-केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन ने शुक्रवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। सीएसआईआर-सीएसआईओ ने रेमोल्ड लुमिनायर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर पराबैंगनी कीटाणुनाशक विकिरण (यूवीजीआई) उत्पाद और प्रणाली का शुभारंभ किया, जो हवा व सतह के कोरोना वायरस सहित अन्य बैक्टीरिया को निष्क्रिय करेगी। इसमें शॉर्ट वेव अल्ट्रावॉयलेट यूवी-सी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
स्थापना दिवस की शुरुआत एक ऑनलाइन क्विज-प्रतियोगिता और ई-प्रस्तुति प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया गया। इसमें विज्ञान के छात्रों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा छात्रों को विज्ञान को एक शोध करियर के रूप में लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। स्थापना दिवस पर प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने सीएसआईओ के इलेक्ट्रिकल सेक्शन सब स्टेशन में 911 केडब्ल्यूपी के सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया। इस दौरान पर चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई और सीएसआईआर-सीएसआईओ के निदेशक प्रोफेसर एस. अनंता रामाकृष्णा भी उपस्थित रहे।
सीएसआईओ निदेशक ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र सीएसआईओ की ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने के साथ ग्रिड को भी बिजली प्रदान करेगा। इसके बाद सीएसआईआर-सीएसआईओ ने कई कंपनियों के साथ समझौते व उत्पादों का शुभारंभ किया। सबसे पहले एयर प्यूरीफिकेशन सॉल्यूशन की दिशा में काम कर रही कंपनी नोवोरबिस आईटीयूएस के साथ सीएसआईओ ने प्रायोजित अनुसंधान व लाइसेंस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद डायनामेटिक टेक्नोलॉजी के साथ एक एमओयू साइन किया।
सीएसआईओ के उत्पाद लोगों को पहुंचा रहे लाभ: डॉ शेखर मंडे
सीएसआईआर-सीएसआईओ के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में सीएसआईआर के डायरेक्टर जनरल डॉ शेखर सी. मंडे भी उपस्थित रहे। उन्होंने सीएसआईओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बावजूद सीएसआईओ ने कई कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए हैं। यह दिखाता है कि तमाम बाधाओं के बाद भी सीएसआईओ लगातार काम कर रहा है और उनके द्वारा बनाए गए उत्पाद कोरोना वायरस में भी लोगों की काफी मदद कर रहे हैं। इस मौके पर एलएंडटी डिफेंस के सीनियर कंसल्टेंट के. श्री कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। वहीं, फिक्की की प्रेसिडेंट और अपोलो अस्पताल इंटरप्राइजेज के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संगीता रेड्डी गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर उपस्थित रहीं।