संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। अनाज मंडी में धान की फसल लेकर पहुंचे किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मंडी प्रशासन ने फसल के नाप-तोल का कार्य इलेक्ट्रॉनिक कांटों के माध्यम से शुरू कर दिया है। इस पहल से किसानों में खुशी की लहर है और वे इसे पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।
मंडी सचिव सुरेंद्र ढांडा ने बताया कि धान के इस सीजन में किसानों ने अपनी फसल का नाप-तोल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से करवाने की मांग की थी। उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मंडी प्रशासन ने सभी आढ़तियों को इलेक्ट्रॉनिक कांटों का उपयोग करने के निर्देश दिए थे। इसके परिणामस्वरूप, कई आढ़तियों ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे खरीदे और बुधवार से फसल के नाप-तोल का कार्य शुरू कर दिया।
सचिव ने आगे कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों के उपयोग से न केवल नाप-तोल में सटीकता आएगी, बल्कि किसानों और आढ़तियों के बीच पारदर्शिता भी बढ़ेगी। इससे आपसी विश्वास मजबूत होगा और मतभेद की आशंका खत्म हो जाएगी।
मंडी में मौजूद किसान लाल सिंह, करनैल सिंह, जंगशेर, पाल सिंह और बलविंदर सिंह ने इस पहल के लिए मार्केट कमेटी प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों से नाप-तोल होने से उनकी फसल का सही मूल्यांकन होगा, जिससे उन्हें उचित दाम मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
किसानों का कहना है कि यह कदम न केवल समय की मांग था, बल्कि तकनीक के उपयोग से मंडी के कार्यों में और अधिक पारदर्शिता आएगी। मंडी प्रशासन ने भविष्य में भी किसानों की सुविधा के लिए इस तरह के कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।