चंडीगढ़। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की क्राइम इन इंडिया 2023 रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ा है। रिपोर्ट के अनुसार देशभर में वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामलों में चंडीगढ़ सबसे आगे है।
चंडीगढ़ में वर्ष 2023 में कुल 102 दुष्कर्म के मामले सामने आए। जिनमें से 70 (करीब 69%) दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग थीं। इनमें 40 पीड़िता की उम्र 16 से 18 साल के बीच और 23 की उम्र 12 से 16 साल के बीच रही। वहीं 32 पीड़ित 18 साल से अधिक उम्र की थीं।
रिपोर्ट बताती है कि 102 मामलों में 101 आरोपी पीड़ित के जानकार थे। इनमें 74 मामलों में दोस्त, ऑनलाइन-फ्रेंड्स या लिव-इन पार्टनर शामिल थे। जिन्होंने शादी का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। 21 मामलों में आरोपी पड़ोसी, परिचित या नियोक्ता निकले और छह मामलों में परिजन ही शामिल पाए गए।
-
महिलाओं के खिलाफ अपराध
साल 2023 में चंडीगढ़ में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के 371 मामले दर्ज हुए। इसमें 382 पीड़ित थीं। यह दर 65.2 रही यानी प्रति एक लाख आबादी पर इतने अपराध। संघ शासित प्रदेशों में दिल्ली सबसे ऊपर है जहां यह दर 133.6 है जबकि राज्यों में तेलंगाना 124.9 के साथ सबसे आगे है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वर्ष 2021 में 343, वर्ष 2022 में 325 और 2023 में 371 मामले दर्ज हुए। इन मामलों में चंडीगढ़ की सजा दर 22.2% रही जो राष्ट्रीय औसत 21.2% से थोड़ा अधिक है। लंबित मामलों की दर 78.8% रही जबकि राष्ट्रीय औसत 90.8% है।
बच्चों के खिलाफ अपराध
बच्चों से जुड़े अपराधों में भी वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2021 में 234, वर्ष 2022 में 224 और 2023 में 294 मामले दर्ज हुए। बच्चों के खिलाफ अपराध की दर 90.7 रही, जो महिलाओं के खिलाफ अपराध दर से भी अधिक है। राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 39.9 है। संघ शासित प्रदेश में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह इसमें सबसे ऊपर है, जहां यह दर 143.4 रही। वहीं राज्यों में असम 84.2 के साथ सबसे ऊपर है।
देशभर में चंडीगढ़ में बुजुर्गों से सबसे ज्यादां धोखाधड़ी
वर्ष 2023 में 31 मामले दर्ज हुए जिससे अपराध दर 46.2 रही। यह दर दिल्ली (17.9) और तेलंगाना (16.6) से कहीं ज्यादा है। राष्ट्रीय औसत मात्र 2.6 है। कुल मिलाकर, वर्ष 2023 में वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ 67 मामले दर्ज हुए। अपराध दर 99.9 रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 26.9 है।