चंडीगढ़ में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत चार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। मलोया थाना पुलिस ने झामपुर-मलोया बैरियर के पास युवक देवा की हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक 35 वर्षीय महिला (ई-रिक्शा चालक) और एक नाबालिग शामिल है। अब तक इस मामले में तीन नाबालिग और एक महिला को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दो नाबालिग आरोपी झामपुर के रहने वाले हैं, जबकि एक डड्डूमाजरा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया। वहीं, महिला आरोपी पम्मी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 24 घंटे में केस को सुलझाया है।
एक दिन पहले झामपुर में हुआ था झगड़ा
पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले देर रात करीब एक बजे मृतक देवा और उसके साथियों ने झामपुर में आरोपी पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला किया था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने देवा और उसके दोस्तों पर हमला किया, जिसमें एक नाबालिग की मां पम्मी भी शामिल थी। पम्मी ई-रिक्शा चलाकर आरोपियों को घटनास्थल तक लेकर आई थी। इसके बाद सभी ने देवा और उसके दोस्तों पर पत्थरों और तेजधार हथियारों से हमला किया और ई-रिक्शा से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पम्मी भी पत्थर फेंक रही थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और एक ई-रिक्शा बरामद कर लिया है। आरोपी पम्मी और तीनों नाबालिग सेक्टर-38 में गार्बेज कलेक्शन का काम करते थे।
सीसीटीवी कैमरे से मिली पुलिस को लीड
घटना के बाद मलोया थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनसे सुराग मिलने के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा चालक पम्मी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। मलोया थाना पुलिस ने झामपुर निवासी विनय रावत की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था। विनय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने छोटे भाई 18 वर्षीय देवा और दोस्त आकाश के साथ 7 जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे एक्टिवा ठीक कराने झामपुर बैरियर के पास बाइक मैकेनिक की दुकान पर गया था। तभी आरोपी महिला पम्मी, उसका नाबालिग बेटा और तीन अन्य युवक वहां पहुंचे और उनसे मारपीट करने लगे। झगड़े के दौरान पम्मी के बेटे ने उसके भाई देवा के सीने में चाकू मार दिया। उसके तीन अन्य साथियों ने भी देवा पर हमला कर दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल देवा को जीएमएसएच-16 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।