पंजाब के अमृतसर के मकबूलपुरा थानाक्षेत्र में रविवार की सुबह कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी और फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल के आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके की फुटेज खंगाल कर हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी मुताबिक मकबूलपुरा निवासी गुरमीत सिंह अपने लड़के साहिलप्रीत सिंह के साथ लोगों के घरों में रंग-रोगन करने का काम करता है। गुरमीत सिंह के दो बेटे और एक बेटी है। पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि रविवार की सुबह साहिलप्रीत सिंह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। जब वह गली नंबर 13 में पहुंचा तो वहां पहले से खड़े कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों के साथ उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर साहिलप्रीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इलाके के लोगों ने यह देख तुरंत इसकी जानकारी परिवार और पुलिस को दे दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने इलाके के चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। एडीसीपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज से बहुत जल्द आरोपियों का पता लगा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।