कस्बे में बुधवार रात दुकान बंद कर घर जा रहे एक व्यापारी ने बाइक सवार दो युवकों को सिगरेट देने से मना किया तो उन्होंने उसे गोली मार दी। घायलावस्था में उसे राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार डिफेंस कॉलोनी निवासी दर्शनलाल उर्फ पिंकी स्कीम नंबर छह में स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान बंद कर घर निकलने की तैयारी में था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए और उससे सिगरेट देने को कहा।
दर्शनलाल ने दुकान बंद करने का कहा मना किया तो एक युवक ने उस पर गोली दाग दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में दुकानदार को अस्पताल ले गए। सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंच गए।
चिकित्सकों ने गोली निकालने से मना किया
युवक की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों से मृतक के शरीर से गोली निकालने को कहा तो मौके पर मौजूद चिकित्सक ने सर्जन नहीं होने की बात कहकर हाथ खड़े कर दिए।
इससे गुस्साए लोग सर्जन और सिविल सर्जन को घर से उठा लाए। यहां आक्रोशित लोगों ने उनको पुलिस के सामने ही पीट दिया। सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही आरोपियों को पकड़ने और सुरक्षा की मांग को लेकर जहां अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने हड़ताल कर दी।
वहीं हत्या के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। नाराज चिकित्सकों की ओर से पोस्टमार्टम करने से इनकार करने पर शव को पीजीआई रोहतक भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाए आरोप
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों को घर जाकर लेकर आना पड़ा। पहले लोग डॉ. पंकज को साथ लेकर गए और सर्जन अनिल बिड़ला को ले आए। इस दौरान परिजनों ने सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र पूनिया को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इससे लोग और भड़क गए। वे पूनिया के घर पहुंचे और उनको जबरदस्ती अस्पताल ले आए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार धवन, डीएसपी धर्मबीर पूनिया मय जाब्ता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने उनके सामने ही डॉ. पूनिया पर शराब पीने का आरोप लगाकर उन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद डॉ. प्रभुदयाल और डॉ. पंकज ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उन पर भी हमला कर दिया।
स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस ने बीच बचाव करके डॉक्टरों को प्रसूति वार्ड में बने ऑपरेशन कक्ष में बंद कर दिया, लेकिन लोग वहां भी पहुंच गए और तोड़फोड़ करके सिविल सर्जन से मारपीट की।
चिकित्साकर्मी हड़ताल पर गए
चिकित्सकों पर हमला करने के विरोध में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बृहस्पतिवार सुबह बैठक कर रोष जताया और आरोपियों को गिरफ्तार करने व सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल कर दी।
डीसी अशोक कुमार मीणा, एसपी अनिल कुमार धवन ने चिकित्सकों से बंद कमरे में करीब एक घंटे बातचीत की, लेकिन वे हड़ताल खत्म करने के लिए तैयार नहीं हुए और शव का पोस्टमार्टम करने से भी मना कर दिया। ऐसे में शव को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। उधर व्यापारियों ने भी हत्या के विरोध में बाजार बंद रख रोष जताया।
बाइक सवार दो युवकों ने किरयाना स्टोर संचालक की गोली मारकर हत्या की है। दुकान के साथ लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं। अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए की एक स्पेशल टीम का गठन किया है।
- अनिल कुमार धवन, एसपी