इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक युवती ने रविवार रात को तीसरी मंजिल से कूछ गई। इससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती की मां ने आरोप लगाया कि युवती ने पुलिस के उत्पीड़न से तंग आकर खुदकुशी का प्रयास किया है।
इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि रविवार करीब तीन बजे वह घर से बाहर गई थीं। उनकी 18 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी में रहने वाला कल्लू आया और उनकी बेटी को मोटरसाइकिल पर भगाकर ले गया।
इसकी शिकायत पुलिस में दी गई। मनीमाजरा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर राजबीर सिंह युवक और युवती को रविवार शाम करीब पांच बजे थाने ले आए। राजबीर ने दोनों को कई घंटे तक बैठाकर रखा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आहत उनकी बेटी ने अपनी मौसी के मकान के तीसरे माले से छलांग लगा दी। इसमें उसकी टांग टूट गई और मुंह पर भी चोटें आई हैं।
इन आरोपों पर थाना पुलिस का दावा है कि युवती ने देर रात होश में आने पर बयान दिया है कि वह छत से कूदी नहीं थी, बल्कि उसका पैर फिसल गया था। इस वजह से वह तीसरी मंजिल से गिर पड़ी। युवक पर लगे आरोपों को भी उसने नकार दिया। युवती ने पुलिस को बताया है कि वह खुद युवक से मिलने के लिए गई थी और शाम को वापस आ गई थी।