औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार आटो से एक युवक गिर गया। इससे सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी आटो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गांव बहलाना निवासी अमित और जिला संगरूर निवासी कर्ण वर्मा एलांते मॉल में काम करते हैं। ड्यूटी के बाद घर जाने के लिए उन्होंने एलांते के बाहर से गांव बहलाना जाने के लिए आटो लिया।
आटो चालक रैश ड्राइविंग कर रहा था। इस कारण इंडस्ट्रियल एरिया के प्लाट नंबर 180 के पास अचानक चलते आटो से अमित गिर गया। इलाज के दौरान घायल अमित की सेक्टर-32 के जीएमसीएच में मौत हो गई।
अमित हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा का रहने वाला था। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।