एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास एक इनोवा कार एक्टिवा सवार को 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। युवक ने दम तोड़ दिया। एक्टिवा सवार पार्टी में डीजे बजाकर होटल से घर लौट रहा था। पुलिस ने कार चालक के साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चालक फरार है।
मृतक के दोस्त अमन ने बताया कि शनिवार रात को ढाई बजे वह और रविशंकर (28) इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के होटल पर्ल से पंचकूला के सेक्टर-19 स्थित अपने घर लौट रहे थे। रविशंकर पार्टियों और शादियों में डीजे बजाने का काम करता था। वह अपनी एक्टिवा पर था और अमन अपने स्कूटर पर।
अमन ने बताया कि जैसे ही वे एयरपोर्ट की लाइटों के पास पहुंचे। पीछे से सफेद इनोवा कार काफी तेजी से आई और रवि को एक्टिवा समेत करीब 500 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई। चंडीगढ़-जीरकपुर बैरियर के पास स्कूटर और घायल रवि मिला।
इसके बाद अमन ने 100 नंबर पर कॉल की और पीसीआर उसे पीजीआई लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने रवि शंकर को ब्रॉट डेड बताया। सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि इनोवा अबोहर निवासी अमृतपाल सिंह चला रहा था, वह अभी फरार है। जबकि गाड़ी में बैठे उसके साथी कुलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अमृतपाल सिंह चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेज में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। पुलिस ने रविशंकर का शव जीएमएसएच-16 में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रात में ज्यादा हादसे
शहर में हर साल सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आंकड़ों पर अगर गौर करें तो 2013 में जहां रोड एक्सीडेंट्स में जहां 117 लोग मारे गए थे। वहीं 2014 में यह आंकड़ा बढ़कर 124 हो गया और इस साल अब तक 107 लोग सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं। पुलिस का भी मानना है कि ज्यादातर लोगों की जानें रात को हुए हादसों में ही गई हैं।