शादी के छह साल बाद बड़ी मन्नतों के बाद घर में बेटा हुआ, लेकिन अब मां ने उस बेटे के साथ ऐसा काम किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो गया है। शादी के 6 साल बाद पैदा बेटे को मां ने ही गला घोंटकर हत्या कर दी। नौ माह के मासूम की हत्या करने के बाद मां ने खुद भी चुन्नी से फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन चुन्नी टूटने से वह बच गई। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। घटना गांव रामबास की है। पुलिस को दी शिकायत में बच्चे दीपक पुत्र अश्वनी के दादा बाबूलाल ने बताया कि उसके तीन बेटे हैं। तीनों पूना में शीशे का कारोबार करते हैं और उससे अलग रहते हैं। कुछ दिन पहले अश्वनी घर आया था।
23 अप्रैल को वह पूना चला गया। रविवार शाम करीब चार बजे के वह दीपक को खिलाने के लिए उसके घर गए तो दीपक कहीं नजर नहीं आया। इस दौरान उन्होंने देखा कि दीपक की मां पूजा ने अपना कमरा अंदर से बंद कर रखा है। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी को बुलाकर कमरा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई।
मां ने भी दी जान देने की कोशिश
मां ने कर दी बेटे की हत्या
- फोटो : Demo Pic
इस बीच पड़ोस से एक व्यक्ति आया और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। जब दरवाजा नहीं टूटा तो उसने दरवाजे के ऊपर बने सीमेंट के रोशनदान से अंदर देखा तो पूजा फर्श पर बेहोश पड़ी थी। इसके बाद उसने रोशनदान तोड़ दिया। कमरे के अंदर गए तो दीपक मृत पड़ा था और पूजा बेहोशी थी। उसके गले में चुन्नी बंधी थी। परिजनों ने बच्चे को वहीं छोड़ पूजा को लेकर नागरिक अस्पताल आए। चिकित्सकों ने पूजा की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
लेकिन परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद अस्पताल में महिला के पास पुलिस गार्द की तैनाती की गई। सदर थाना के एसएचओ सतबीर सिंह राठौर ने बताया कि बच्चे के दादा की शिकायत पर पूजा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। महिला का उपचार चल रहा है। उसके होश में आने के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।