एक महिला से पैरामिलिट्री फोर्स के दो जवान टकरा गए। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और महिला ने एक जवान को थप्पड़ जड़ दिया। महिला ने कॉल करके पुलिस भी बुला ली। घटना सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन के नजदीक की है। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों जवानों को सेक्टर-26 थाना ले गई। शुरूआती जांच में सामने आया कि ज्यादा भीड़ होने के चलते जवानों की महिला के साथ टक्कर हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10.30 बजे पुलिस लाइन के गेट नंबर एक के पास अचानक हंगामा शुरू हो गया। एक महिला दो युवकों को खरी-खोटी सुनाती नजर आई। पुलिस कंट्रोल रूम पर महिला ने सूचना दी कि दो लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ की है। पीसीआर और सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख महिला और उसके साथ मौजूद युवती का गुस्सा दोनों लड़कों पर इस कदर फूट पड़ा कि उसने युवकों को बीच सड़क एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। महिला और युवती को किसी तरह शांत करके पुलिस थाने ले गई।
जांच करने पर पता चला कि दोनों युवक पैरामिलिट्री फोर्स के जवान हैं। दोनों ग्रेन मार्केट में किसी काम से आए हुए थे। भीड़ होने के चलते एक जवान महिला से टकरा गया, जिसकी शिकायत महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला सुलझा लिया। वहीं, डीएसपी (ईस्ट) उमराव सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच की गई। ज्यादा भीड़ होने के चलते एक पैरामिलिट्री फोर्स का जवान महिला से टकरा गया। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला सुलझा लिया गया है।