ड्रग इंस्पेक्टर बबलीन कौर का मेडिकल करवाने लाई पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विजिलेंस ब्यूरो गुरदासपुर ने पठानकोट में तैनात महिला ड्रग इंस्पेक्टर और उसके एक सहयोगी को रिश्वतखोरी के आरोप में काबू किया है। विजिलेंस ने ड्रग इंस्पेक्टर के सहयोगी दर्जा चार कर्मचारी को पठानकोट और ड्रग इंस्पेक्टर बबलीन कौर को अमृतसर से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि ड्रग इंस्पेक्टर ने गुरदासपुर के अरुण कुमार शर्मा से केमिस्ट को लाइसेंस देने के बदले 90 हजार रुपये की मांग की थी।
इसकी पहली किस्त के तौर पर 30 हजार देने के लिए केमिस्ट पठानकोट आया और उससे पहले उसने विजिलेंस ब्यूरो से तालमेल किया था। पठानकोट सिविल अस्पताल के पास खड्डी पुल पर विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर दर्जा चार कर्मचारी राकेश को काबू किया। पूछताछ में इंस्पेक्टर बबलीन कौर का नाम सामने आया तो विजिलेंस ने ड्रग इंस्पेक्टर बबलीन कौर को अमृतसर से काबू किया। विजिलेंस की ओर से दोनों आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया और कोर्ट में पेश किया गया। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।
अमृतसर जीएनडीयू में जाकर छिपी थी ड्रग इंस्पेक्टर: एसएसपी विजिलेंस
एसएसपी विजिलेंस वरिंदर सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने जब दर्जा चार कर्मचारी को रंगे हाथ काबू किया तो ड्रग इंस्पेक्टर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने बबलीन कौर को अमृतसर की गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से काबू किया। एसएसपी ने बताया कि मामले की भनक मिलने पर बबलीन कौर जीएनडीयू में जाकर छिपी थी लेकिन, विजिलेंस ने वहीं से गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।