पुलिस ने सख्ती की तो शराब तस्करों ने तस्करी के नए तरीके खोज लिए। पुलिस के हत्थे ऐसा तस्कर चढ़ा, जिसके पैतरे ने पुलिस के होश उड़ा दिए। फूलों से सजी गाड़ी में यह तस्कर बैठा था। गाड़ी से शराब की 35 पेटियां बरामद हुई हैं। पकड़े गए शराब तस्कर की पहचान लालड़ू निवासी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है। हरविंदर ने बताया कि उसे पता था कि दूल्हे की गाड़ी को पुलिस कभी चेक नहीं करती। हर पुलिस नाका और पोस्ट पर उसे ग्रीन सिग्नल मिल जाता है। इसी लिए उसने यह रास्ता तस्करी के लिए अपनाया। लेकिन सोमवार को वह अपने ही बुने जाल में फंस गया। पुलिस अभी शराब तस्कर से पूछताछ कर रही है।
जीरकपुर एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से भारी मात्रा में शराब खरीदी गई है, इसका इस्तेमाल मोहाली के ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले पंचायत चुनावों में किया जाएगा। इस सूचना के बाद एसएचओ ने कांस्टेबल सुखदेव सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और शहर के हर नाके पर नाकाबंदी करने का निर्देश दिया। नाकाबंदी के दौरान जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित गांव नाभा के पास सफेद रंग की एक कार को पुलिस ने रोका, जो फूलों से सजी थी। लेकिन उसमें दूल्हा या दुल्हन मौजूद नहीं थे। चालक अकेला बैठा हुआ था। पुलिस ने जैसे ही गाड़ी रोकी, वह घबरा गया। पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद कार की तलाशी ली तो डिग्गी से चंडीगढ़ मार्का शराब की पेटियां मिलीं।
10 से अधिक मामले जीरकपुर पुलिस थाने में दर्ज
एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिनों के दौरान पुलिस के पास शराब तस्करी के दर्जनभर से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 10 से अधिक मामलों में आरोपी शराबी तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि बीते हफ्ते के दौरान छह से अधिक मामले जीरकपुर पुलिस थाने में दर्ज हुए हैं, जिनको अदालत द्वारा जेल भेजा गया है। एसएचओ गुरजीत ने कहा कि शराब की तस्करी करने वालों खिलाफ उनकी मुहिम जारी रहेगी।