पत्नी पर बुरी नजर रखने वाले से परेशान सेंट्रल जेल में गांव मेलों में रहने वाले कैदी सद्दाम हुसैन ने बुधवार की रात को जेल के अंदर बाथरूम में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना का पता चलते ही जेल मुलाजिमों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने लटक रहे सद्दाम हुसैन को नीचे उतारकर तुरंत जेल के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन सात और चौकी ताजपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
वीरवार सुबह मृतक के परिजन जेल के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्होंने जेल के बाहर रोड पर जाम लगा दिया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करने लगे।
करीब डेढ़ घंटे तक जाम के बाद पुलिस ने सद्दाम के पिता गामा की शिकायत पर गुरदासपुर के रहने वाले लाडी के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
चौकी ताजपुर के इंचार्ज एएसआई हरभजन सिंह ने कहा कि सद्दाम हुसैन के खिलाफ अलग-अलग थानों में मारपीट, चोरी व धोखाधड़ी के मामले दर्ज थे।
वह जेल में किसी मामले में दो वर्ष से सजा काट रहा था। आरोपी लाडी उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था, जिस वजह से सद्दाम काफी परेशान था।
उसने अपने परिजनों के जरिये लाडी को काफी समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह हट नहीं रहा था और लगातार उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था।
बुधवार को सद्दाम की पत्नी शाम को उसके साथ मुलाकात कर गई थी। पत्नी से मुलाकात करने के बाद सद्दाम जब जेल में वापस गया तो उसने बाथरूम में जाकर फंदा लगा लिया।
जब वहां मौजूद एक अन्य कैदी पहुंचा तो अंदर शव लटकता देख उसने शोर मचा दिया। जेल मुलाजिमों ने सद्दाम को नीचे उतारकर जेल के अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसआई हरभजन सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपी लाडी का पता लगाने में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।