सेक्टर-31 थाने के अंतर्गत पोल्ट्री फार्म चौक के पास पति-पत्नी के मामूली झगड़े में उनकी कार से 490 ग्राम ड्रग्स (वाइट पाउडर) बरामद हुआ। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर -21 पंचकूला निवासी साहिल खुराना का अपनी पत्नी से पोल्ट्री फार्म चौक के नजदीक झगड़ा हो गया। इस झगड़े की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दोनों के ब्यान लेने शुरू किए, तो उसकी पत्नी पुलिसकर्मियों से कहने लगी कि उसके पति की कार में ड्रग्स है जबकि साहिल इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं था।
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो वहां से 490 ग्राम वाइट पाउडर बरामद हुआ, लेकिन साहिल ने अपनी पत्नी और अपने ससुर पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि यह ड्रग्स उसकी कार में उसके ससुर ने रखा होगा। इसके चलते पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
साहिल ने पुलिस को दिए ब्यानों में यह भी बताया कि उसके ससुर ने पहले ही उस पर इसी तरह के तीन बार फर्जी मामले दर्ज करवाएं हैं, जो मामले बाद में रद हो गए थे। डीएसपी साउथ एसएस मलिक का कहना है कि अभी किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की है फिलहाल जांच चल रही है।