कोटकपूरा के नजदीकी गांव वांदर जटाना में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करके उसके शव को गांव से ही गुजरते रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का मामला सामने आया है। थाना सदर पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव वांदर जटाना निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, एक दिन पहले रविवार को घर से गायब हो गया था। देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसे तलाशना शुरू किया तो उसका शव रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। मृतक के भाई निर्मल सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह का कत्ल कर लाश को रेलवे ट्रैक पर रखा गया है।
घटना स्थल के पास खेतों में खून के धब्बे थे और उसके कपड़े भी फटे थे। इसके अलावा उसे खेतों से खींच कर ट्रैक पर रखने के भी निशान हैं। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस समेत थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी।
परिवार के आशंका जताने और प्राथमिक पड़ताल के आधार पर सामने आया कि इस वारदात को मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया है। इस मामले में डीएसपी बलकार सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।