पहली शादी की बात छुपाने पर एक ट्रक ड्राइवर ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। जब वह शव को नहर में फेंकने जा रहा था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतक महिला की पहचान तरनतारन की मनप्रीत कौर के रुप में हुई है। पुलिस ने डाबा के लोहारा कालोनी के रहने वाले उसके पति निशान सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना डाबा के एसएचओ सब इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस पार्टी ने डाबा लोहारा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक ट्रक वहां से गुजरा। पुलिस पार्टी ने ट्रक को रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने ट्रक भगा लिया।
ट्रक का पीछा कर उसे रोका गया और ड्राइवर निशान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से महिला का शव मिला। पुलिस ने शव के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी पत्नी है।
शव को नहर में फेंकने जा रहा था पति
शव
एसएचओ बलजीत सिंह के अनुसार आरोपी निशान सिंह और मनप्रीत की मुलाकात करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उन्होंने एक दूसरे से शादी की सलाह बनाई, लेकिन मनप्रीत ने उसे अपनी पहली शादी के बारे में कुछ नहीं बताया, जबकि उसके दो बच्चे भी थे।
दोनों ने 2016 में अदालत में शादी कर ली। निशान सिंह अक्सर बाहरी राज्यों में ट्रक लेकर जाता था। इस कारण उसे कुछ दिन लग जाते थे। इसी दौरान मनप्रीत तरनतारन में रहने वाले अपने पहले पति और बच्चों के पास रहने के लिए चली जाती थी।
जब निशान सिंह के लौटने का समय होता था तो मनप्रीत अपने पहले पति को कह देती कि वह अपने रिश्तेदारों के घर कुछ दिन के लिए रहेगी। इस तरह से वह दोनों से बातें छिपा रही थी।
इस बार निशान सिंह जब बाहर गया तो किसी ने उसे जानकारी दी। जब उसने मनप्रीत को इसके बारे में पूछा तो दोनों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान निशान ने चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद उसने सारा दिन शव को घर में ही रखा। शाम को वह शव को बोरी में डाल कर नहर में फेंकने जा रहा था। नाकाबंदी देख उसने ट्रक भगा लिया और पकड़ा गया।