पंजाब के कपूथला के गांव लाटियांवाल में शनिवार को 16 लोगों ने तेजधार हथियारों से पुलिस टीम पर हमला करके एक वांटेड अपराधी को छुड़वा लिया। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। आरोपियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। हमलावरों में गांव का सरपंच भी शामिल है।
थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ एसआई हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के तहत साल 2018 से भगोड़ा बलविंदर सिंह उर्फ लाडा अपने घर आया है। सूचना के आधार पर चौकी मोठांवाला इंचार्ज एएसआई जसपाल सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ घर पर छापा मारा और लाडा को पकड़ लिया। इस दौरान लाडा के परिजनों ने शोर मचा दिया।
शोर सुन मौके पर सरपंच बलबीर सिंह समेत कई लोग तेजधार हथियार लेकर पहुंचे। इस दौरान सरपंच, कुछ ग्रामीणों और लाडा के परिजनों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने तेजधार हथियार लहराते हुए हमला कर दिया। जैसे ही पुलिसकर्मी बचने के लिए पीछे हटे, वे लाडा को छुड़वाकर ले गए। एसएचओ के अनुसार, हमले में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है।
इन पर मामला दर्ज
पुलिस पार्टी पर हमला करने के आरोप में लाडा, उसके पिता सुरजीत सिंह, मां गुरमीत कौर, सरपंच बलवीर सिंह, मेहर, जिंदर, गुरमीत सिंह, बलजिंदर सिंह मोटा, लखवीर सिंह लक्खा, गुरदीप कौर समेत 16 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापे मार रही है।