विजिलेंस ब्यूरो ने पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) के चीफ अकाउंट ऑफिसर (सीएओ) को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वह टैक्सियों के बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत ले रहा था। विजिलेंस ब्यूरो पटियाला रेंज के एसएसपी जसप्रीत सिंह सिद्धू ने बताया कि पटियाला के भरपूर गार्डन का रहने वाला भजन प्रताप सिंह टैक्सी का काम करता है।
उसकी तीन टैक्सी पीआरटीसी पटियाला के पास किराये पर चल रही हैं। इनके बिल संबंधी फाइलों को क्लीयर करने के बदले पीआरटीसी का सीएओ भुपिंदर कुमार अग्रवाल ने उससे 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी। इसमें पांच हजार रुपये फाइल क्लीयर से पहले और बाकी बिल फाइल क्लीयर करने के बाद देने को कहा। भजन प्रताप ने इसकी शिकायत विजिलेंस से कर दी। विजिलेंस के इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह की टीम ने भुपिंदर को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए सरकारी गवाहों की हाजिरी में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।