जेल में बंद हवालाती दरबारा सिंह को निर्वस्त्र तक मारपीट के आरोप में पुलिस ने 4 कैदियों पर मामला दर्ज किया है। साथ ही जेल प्रशासन ने ड्यूटी में कोताही करने के आरोप में हेड वार्डन हरलजवंत सिंह और वार्डन कुलदीप सिंह को सस्पेंड कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह पहला मामला नहीं है जब जेल में कैदियों की ओर से अन्य बंदियों से मारपीट की गई हो। इससे पहले भी गैंगस्टर कुलबीर नरूयाना ने जेल में बंद एक कैदी पर फायरिंग भी की थी।
भाजपा के देहाती जिला अध्यक्ष गुरविंदर भगता पर दरबारा सिंह ने 26 नवंबर 2015 को किसी बात पर गोली चला दी थी। इसमें भाजपा नेता बाल बाल बच गए थे। दयालपुरा पुलिस ने धारा 307 के तहत दरबारा सिंह पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर बठिंडा जेल भेज दिया था।
इसके बाद बीती 26 जनवरी को इसी जेल में बंद कैदी मनदीप ध्रुव, मनोज मोजी, सुखजिंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह की ओर से दरबारा सिंह के कपडे़ उतारकर उससे मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।