7 से 8 छात्रों ने मॉल की पार्किंग के पास बेल्ट और डंडों से पीट-पीटकर गार्ड की हत्या कर दी। वारदात हरियाणा के रोहतक की है। यहां सेक्टर 3 स्थित मॉल में बुधवार रात 1 बजकर 20 मिनट पर मात्र 3 मिनट में युवकों ने चमारिया निवासी गार्ड सुनील को मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों का शाम को ही सेक्टर 3 में एक सामुदायिक केंद्र में शादी के दौरान सुनील से झगड़ा हुआ था। बीच-बचाव करने आए दूसरे गार्ड को भी घायल कर दिया। हालांकि सभी सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर 3 आरोपियों को दबोच लिया था, लेकिन हमलावर अपने दो साथियों का छुड़ा ले गए।
गिरफ्तार एक युवक मेडिकल कैंपस का रहने वाला है। लहूलुहान हालत में सुनील को पीजीआई लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी वारदात मॉल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले लीं हैं। मृतक गार्ड के पिता के बयान पर धीरज व अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
चमारिया गांव निवासी सुनील पुत्र राजपाल सेक्टर 3 स्थित सत्यम मॉल गार्ड की नौकरी करता है। बुधवार रात को वह सिनेप्लेक्स की पार्किंग के साथ लगती सुरक्षा गार्ड पोस्ट पर तैनात था।
रोड पर गिरा दिया, गर्दन व सिर पर ताबड़तोड़ हमला
रात एक बजकर 20 मिनट पर 7-8 लड़के हाथों में लाठी-डंडे लेकर 2-2, 3-3 के ग्रुप में आए और सुनील को घेर लिया। बचने की कोशिश कर रहे गार्ड को मॉल के बाहर रोड पर गिरा दिया और गर्दन व सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच बचाव करने पहुंचे बहुअकबरपुर के प्रमोद को भी घायल कर दिया।
3 को पकड़ किया कमरे में बंद
शोर सुनकर मॉल में तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी पहुंचे और 3 हमलावरों को काबू कर एक कमरे में बंद कर दिया। भाग रहे युवकों को अपने साथियों के पकड़े जाने का पता चला तो वे वापस आए और गार्डों से भिड़ते हुए दो साथियों को छुड़ा ले गए। एक को गार्डों ने दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक मेडिकल कैंपस निवासी धीरज पुत्र सुरेश सीआर पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके पिता मेडिकल कॉलेज में ओटी टीचर हैं। अर्बन एस्टेट थाना एसएचओ मंजीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में 7 आरोपियों के नाम सामने आए हैं। इनमें धीरज के अलावा संजय कॉलोनी के दो, एक सांघी और एमडीयू कैंपस के दो युवकों के अलावा एक अन्य का नाम सामने आया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए थाना और सीआईए समेत चार टीमें काम कर रही हैं।
हत्या के विरोध में मॉल के बाहर धरना
सामने आया है कि बुधवार शाम को ही हमलावर युवक सेक्टर 3 के कम्यूनिटी सेंटर में एक शादी में गए थे। यहीं पर शराब आदि पीने के बाद उनका किसी बात को लेकर मॉल के गार्ड सुनील व प्रमोद के साथ झगड़ा हुआ था। बाद में रात को आकर हमला कर दिया।
45 मिनट बाद पहुंची पुलिस
मॉल के सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि हमले के दौरान ही पुलिस कंट्रोल रूम में दो बार फोन किया। वहां तैनात कर्मचारी ने अभद्रता से बात की। करीब पौना घंटे बाद पुलिस वहां पहुंची। तब तक हमलावर जा चुके थे और घायल को भी पीजीआई में पहुंचा दिया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की ढीली कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गुस्साए गार्डों, दुकानदारों और अन्य मॉल कर्मियों ने बृहस्पतिवार सुबह मॉल पर ताला जड़ दिया। सिक्योरिटी इंचार्ज गजे सिंह, संदीप गार्ड, अमित नांदल, ने बताया दिन में 8 तो रात को केवल 4 सुरक्षाकर्मी ही तैनात किए गए हैं।
बुधवार को ही मिली थी पहली सैलरी
सुनील ने महज 36 दिन पहले ही यहां गार्ड की नौकरी ज्वाइन की थी। बुधवार को ही उसे पहली सैलरी मिली थी। वह काफी खुश था और किसी से अभद्रता नहीं करता था।
शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक उसकी ड्यूटी थी। 5 साल पहले उसकी शादी हुई थी। गार्डों का कहना है कि रोजाना यहां पुलिस राइडर तैनात रहती थी, लेकिन बुधवार रात यहां कोई पुलिसकर्मी नहीं था।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें-