हरियाणा के पंचकूला में उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक की सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी घर के बाहर से चोरी हो गई। खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं बताया जा रहा है कि घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस कार और चोर की तलाश में जुटी हुई है।
बागपत के छपरौली से भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह चौहान की गाड़ी चोरी हुई है, जो सेक्टर-4 स्थित मकान नंबर-74 के बाहर खड़ी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की सूचना पर पंचकूला और चंडीगढ़ में नाकेबंदी कर दी गई। इसके बाद पुलिस जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। वहीं, सेक्टर-5 थाना पुलिस ने विधायक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटे से मिलने के लिए आए हुए थे पंचकूला
सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी शिकायत में भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उनका बेटा सेक्टर-4 स्थित मकान नंबर-72 में रहता है और वह यहां कारोबार करता है। वह बेटे से मिलने के लिए बुधवार को आए थे और शनिवार को बागपत लौटना था। इस दौरान उनकी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी (सीएच-01-बीएम-0042) घर के बाहर खड़ी थी। उनकी गाड़ी के ऊपर एमएलए का स्टिकर भी लगा था और उसके अंदर कुछ जरूरी कागजात समेत विधानसभा मैंबरशिप का कार्ड भी था।