पीजी में रह रही चार युवतियों के पास विदेशी नंबरों से कॉल आ रही थी। मामले में पूरी तहकीकात करने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया कि नंबर विदेशी थे और कॉल कर्नाटक से एक पीसीओ से किए जा रहे थे। मामला हरियाणा के सोनीपत का है।
पुलिस ने काफी जानकारी जुटाकर केस दर्ज किया है, जल्द कर्नाटक में पुलिस टीम दबिश देने जाएगी। युवतियों के मोबाइल पर कॉल करने वाले तत्व पाकिस्तान जिंदाबाद कहने के साथ ही दिवाली तक मिशन पूरा करने और कोड में संदेश देकर बात करने को कहते थे। पुलिस को किन्हीं तत्वों के देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का शक है।
विदित रहे कि शहर के एक निजी पीजी हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही चार युवतियां के पास पिछले महीने रात को विदेशी नंबरों से फोन कॉल आने लगी थीं। हरियाणा, यूपी व पंजाब की रहने वाली युवतियों को फोन करने वाले उनके सामने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते थे। इतना ही नहीं यह भी कहते थे कि कश्मीर हमारा हो जाएगा। वह युवतियों से पूछते थे कि जो काम दिया था वह पूरा हो गया।
कहते थे कि यह सीक्रेट मिशन है। कोड में बात करो। जो कोड तुम्हें दे रखा है। समझा करो। फोन काटने पर वह फिर से कॉल कर कहते थे कि फोन क्यों काट रही हो। साथ ही सीक्रेट मिशन को दिवाली तक पूरा करने की बात कही जाती थी। इस मामले को लेकर 30 अक्तूबर को ओल्ड चौकी पुलिस में शिकायत दी थी।