दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा
शहर में आए दिन हो रही स्नैचिंग की वारदातों के बीच वीरवार को एसएसपी ने इनको अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
हालांकि पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है, उनसे जनवरी से लेकर 15 सितंबर तक के 21 केस के खुलासे की बात कही है। इनमें से 18 केवल चेन स्नैचिंग के मामले हैं।
पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता में एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि विक्की चेन स्नैचिंग के मामलों में मास्टरमाइंड है। उसके खिलाफ कई राज्यों में 125 से अधिक चेन स्नैचिंग और चोरी के मामले दर्ज हैं और करीब 45 मामलों में अदालत उसे भगोड़ा करार दे चुकी है।
वहीं दूसरा आरोपी दिलशाद पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दिलशाद ने कबूल किया कि पिछले साल वह चेन स्नैचिंग और चोरी के अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हुआ था। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने वकील की फीस चुकाने के लिए विक्की के साथ मिलकर फिर से स्नैचिंग शुरू कर दी।