अमृतसर में नशा तस्करी में गिरफ्तार 10 में दो आरोपी पिछले साल लुधियाना ब्लास्ट में भी शामिल रहे हैं। आरोपी सुरमुख सिंह सामू और दिलबाग सिंह बागो नामक इन दोनों आरोपियों के खिलाफ अब लुधियाना बमकांड में भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। लुधियाना बम घटना की जांच एनआईए कर रही है।
जांच अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में सुरमुख सिंह सामू ने बताया कि उसने आईएसआई के एजेंट के साथ मिलकर पाकिस्तान से विस्फोटक सामग्री मंगाई थी और दिलबाल सिंह बागो और उसका एक अन्य साथी इस सामग्री को लुधियाना पहुंचाकर आए थे। उल्लेखनीय है कि एसआईटी ने सामू और बागो को उनके तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से दो पाकिस्तानी सिम व 5 किलो हेरोइन बरामद की गई थी।
एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह ने बताया कि एक बड़े तस्करी के नेटवर्क को तोड़ते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें थाना भिंडीसैदा के गांव पंजू कलाल निवासी सुरमुख सिंह और दिलबाग सिंह बागो को गिरफ्तार किया गया था। सुरमुख नशा तस्करी के साथ ही पाकिस्तानी एजेंट भी है, जिस पर भारत से खुफिया जानकारियां पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई को देने का भी आरोप है। सुरमुख के अलावा उसके अन्य साथी मिलकर पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाते थे और पंजाब में सप्लाई किया करते थे।