पुलिस कर्मचारी के सिर पर मारा डंडा, मुंह पर तकिया लगाकर की मारपीट
रात को नागरिक अस्पताल के बंदी वार्ड में दो कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। एक कर्मचारी कपड़े बदलने वार्ड से बाहर आ गया जबकि दूसरा कर्मचारी वार्ड में ही बंदियों के साथ था। दोनों बंदियों ने शौचालय जाने के बहाने हथकड़ी और पैरों की बेड़ियों को खुलवा लिया। इसके बाद दोनों बंदियों ने शौचालय से बाहर निकलते ही पुलिस कर्मी सोनू को फर्श पर गिरा दिया और मुंह पर तकिया लगा कर दबाना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मी की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात नर्स ने सभी लोगों को एकत्र कर लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद बंदियों ने डंडे से वार्ड की खिड़की का शीशा तोड़ दिया और कूदकर वहां से फरार हो गए।
307 के मामले में पिछले दिनों दो बंदी सिरसा की जिला जेल में बंद थे। मंगलवार को जिला जेल में दो हवालातियों में लड़ाई झगड़ा हो गया। घायल होने पर दोनों को सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मंगलवार की देर रात दोनों हवालाती नागरिक अस्पताल के कैदी वार्ड का शीशा तोड़कर फरार हो गए हैं। इस मामले में दोनों हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साधु राम, डीएसपी, सिरसा।