गुरदासपुर में बीच बाजार दिनदहाड़े गैंगवार
गुरदासपुर के काहनूवान बाईपास के पास वीरवार दोपहर को गैंगवार में डस्टर गाड़ी में सवार पांच युवकों पर दूसरे गैंग ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें दो की मौके पर मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल ले जाते हुए रास्ते मे दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य युवक बुरी तरह जख्मी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी भुपिंद्रजीत सिंह विर्क व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस वारदात में विक्की गौंडर गैंग के हाथ होने का शक है। थाना तिब्बड़ इलाके में दिनदहाड़े इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है।
हरदोछन्नी रोड निवासी दमन महाजन पुत्र विजय महाजन ने बताया कि वह अपने साथियों सहित डस्टर गाड़ी पर सवार होकर कचहरी से काहनूवान की तरफ जा रहा था। गुरदासपुर काहनूवान बाईपास पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने गाड़ी को रोक कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें उसके साथी हरप्रीत सिंह उर्फ सूबेदार, सुखचैन लाडी, हैप्पी और निशान सिंह को गोलियां लगीं। वह बाल-बाल बच गया।
गोली लगने से हरप्रीत सिंह उर्फ सूबेदार पुत्र सुलखन सिंह निवासी मुस्तफाबाद व सुखचैन सिंह लाडी उर्फ जट्ट पुत्र प्रेम सिंह निवासी संगलपुरा रोड गुरदासपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हैप्पी पुत्र गुरदेव सिंह निवासी पुल तिब्बड़ी और निशान सिंह घायल हो गए। घायलों को गुरदासपुर के सिविल अस्पताल ले जा जाया गया। हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने हैप्पी और निशान को अमृतसर रैफर कर दिया। अमृतसर ले जाते समय हैप्पी की रास्ते में मौत हो गई। घायल निशान सिंह के बारे में अभी कोई पता नही चला है ।
हरप्रीत पर चल रहे थे कई केस:
गोलीबारी में मारे गए हरप्रीत सिंह उर्फ सूबेदार पर कई केस चल रहे थे और उसी सिलसिले में वह और उसके साथी कचहरी से केस की तारीख भुगतने के बाद वापस आ रहे थे। दमन महाजन ने किसी के साथ दुश्मनी होने से इंकार किया। हालांकि उसने कहा कि सामने आने पर वह हमलावरों को पहचान लेगा।