आकाशदीप सिंह और कर्मजीत सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव कड़मा में पिछले दो दिनों में नशे की ओवरडोज से दो नौजवानों की मौत हो गई है। गांव कड़मा में सबसे ज्यादा नशा बिक रहा है फिर भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस गांव के दो भाई नशे के सेवन से मर चुके हैं। मृतक कर्मजीत सिंह (32) के भाई की छह माह पूर्व नशे से मौत हुई थी।
जसविंदर सिंह ने बताया कि कर्मजीत सिंह निवासी कड़मा (गुरुहरसहाए) पिछले कुछ साल से नशा करने लगा था। इसे दो बार नशा छुड़ाओ केंद्र में भी दाखिल करवाया। फिर भी इसने नशा नहीं छोड़ा था। गुरुवार नशे के चलते उसकी मौत हो गई है। पिता पूर्ण सिंह ने कहा कि उसके एक बेटे की छह माह पूर्व नशे से मौत हो चुकी है। अब नशे से कर्मजीत की मौत हो गई है। कर्मजीत का चार साल का बच्चा है।
इसी तरह शुक्रवार को गांव कड़मा में नशे की ओवरडोज से आकाशदीप की मौत हो गई। भाई मनप्रीत सिंह ने कहा कि गांव में बिकते नशे के कारण उसका भाई आकाशदीप सोलह साल की आयु में नशा करने लग पड़ा था। परिजनों को जब पता चला तो उसका कई जगह इलाज करवाया लेकिन ठीक नहीं हुआ। शुक्रवार को सुबह आकाशदीप की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। गांव के सरपंच बलजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार पुलिस को शिकायत दी कि गांव में सरेआम नशा बिक रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।