इस मामले में एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने बताया कि आठ फरवरी को तीन युवकों द्वारा हरदीप सिंह की अंगुलियां काटने के बाद फेज-1 पुलिस ने केस दर्ज किया था। इसके बाद टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। 22 फरवरी को पुलिस को इनके ठिकाने काला अंब में छिपे होने की सूचना मिली तो एसपी (डी) के नेतृत्व में डीएसपी (डी) और सीआईए स्टाफ की टीम ने इनका पीछा शुरू कर दिया।
इस दौरान पीछा करते हुए शंभू बैरियर के पीछे पहुंचे। ये दोनों स्विफ्ट कार में थे। इन्होंने पुलिस को देखकर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान उन्हें रोकने के लिए उनकी कार के टायर में गोली मारी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में गौरव की जांघ में गोली लगी थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था
एक कार में की थी रेकी, घोड़ा ने काटी थीं अंगुलियां
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद एक कार से इन्होंने वारदात से पहले रेकी की थी। रेकी के बाद इन्होंने हरदीप को उठाया था। इसके बाद घोड़ा ने धमकाते हुए उसके हाथ की अंगुलियां काट डाली थीं। आरोपियों ने वारदात का पूरा वीडियो भी बनाया था। 33 सेकेंड के वीडियो में आरोपी घोड़ा ने उसे तलवार दिखाते धमकी दी थी कि अगर वह हाथ नीचे जमीन पर नहीं रखेगा तो तलवार का वार वह उसके हाथ की जगह गर्दन पर ही कर डालेगा। इसके बाद डर के मारे जबरन उसका हाथ धरती पर रखवाकर उसके बाएं हाथ की चार अंगुलियां काट डाली थीं।
वीडियो वायरल करके दहशत फैलाना था उद्देश्य
चारों आरोपी हरदीप की अंगुलियां काटने के बाद मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने कुछ दिन इंतजार किया और देखा कि उनकी ओर से अंगुलियां काटने की वारदात करने के बावजूद यह बात किसी को पता नहीं चली है तो उन्होंने इस वारदात का खुद ही वीडियो वायरल कर दिया। इसके पीछे उनका उद्देश्य दहशत फैलाना था।
मदनपुरा चौक और पटियाला में भी की थी फायरिंग
आरोपी तरुण ने साथियों के साथ मिलकर 12 दिसंबर को मदनपुरा चौक के पास एक होटल के बाहर फायरिंग की थी। पुलिस को उस केस में भी इनकी तलाश थी। इसके अलावा फरवरी, 2023 में उक्त चारों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पटियाला के गांव झिल्ल में भी फायरिंग की थी। बताया जा रहा है कि यह आरोपी भूप्पी राणा गैंग के सदस्य हैं।
जांच में पुलिस को पता चला है कि गौरी का भाई बंटी जेल में बंद है। वह वहां भूप्पी राणा से मिला था और उसका खास है। वह ही इन आरोपियों के ठहरने का इंतजाम कर रहा था। पुलिस का कहना है कि अगर इस मामले में उसके शामिल होने की पुष्टि होती है तो उसको भी प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।