गांव महिलखुर्द के रहने वाले दो नौजवानों की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। दोनों के शव मंगलवार सुबह डीएसपी महिलकलां जसवीर सिंह के दफ्तर के पास से मिले। थाना महिलकलां के नवनियुक्त प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान जसविंदर सिंह (24) पुत्र जगराज सिंह और सुखदीप सिंह (32) पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव महिलखुर्द के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि शवों के पास से सिरिंज भी बरामद की गई हैं। वहीं चश्मदीदों के मुताबिक एक नौजवान की जेब में से सिरिंज मिली, जबकि दूसरे नौजवान की बाजू में सिरिंज धंसी हुई थी।
थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार यह नौजवान कल से इकट्ठे घूम रहे थे और बरनाला में भी घूमते देखे गए थे। उन्होंने बताया कि दोनों नौजवान मध्यवर्गीय किसान परिवारों से संबंधित थे जो देर रात घर नहीं लौटे थे। इसके बाद उनके परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। महिलकलां की अनाज मंडी में शराब के ठेके के कारिंदे ने डीएसपी महिलकलां जसवीर सिंह के दफ्तर के पास दोनों के गिरे होने की सूचना उनके परिजनों को दी। जब नौजवानों के परिजन मौके पर पहुंचे तब तक दोनों मौत के मुंह में जा चुके थे। परिजनों ने इसकी सूचना महिलकलां पुलिस को दी।
थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि दोनों नौजवान शादीशुदा थे। महिलकलां के समाजसेवी गुरभिंदर सिंह ने बताया कि महिलकलां क्षेत्र में नशा काफी बडे़ स्तर पर बिकता है। उन्होंने बताया कि महिलकलां में एक महीने में नशे की ओवरडोज से चार नौजवानों की मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने कहा कि दोनों नौजवानों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।