चंडीगढ़ में सेक्टर-10 स्थित सिटको के होटल माउंट व्यू में इंटर्नशिप कर रहीं छात्राओं के साथ यौन शोषण के दो बड़े मामले सामने आए हैं। पहले मामले में जहां आरोपी वेटर को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं दूसरे मामले में होटल के ही हेड शेफ के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
अब होटल मैनेजमेंट पर यह सवाल उठ रहा है कि वेटर को तो सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन हेड शेफ पर कार्रवाई नहीं करके उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि शहर के विभिन्न कॉलेजों में मैनेजमेंट कोर्स वाले युवाओं को इंटर्नशिप की जरूरत होती है। इसके लिए सिटको के होटलों में उनको इंटर्नशिप कराई जाती है। इनमें छात्र व छात्राएं शामिल होते हैं।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 10 स्थित होटल माउंट व्यू में शहर के ही एक कॉलेज के छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं। हाल ही में एक इंटर्न ने आरोप लगाया कि हेड शेफ काम के दौरान उसे गलत तरीके से टच करता रहता है। कई बार उसने इसे अनदेखा कर दिया, लेकिन जब शेफ की हरकतें हद से पार होने लगीं तो इंटर्न ने मैनेजमेंट से इसकी शिकायत की।
शिकायत मिलते ही मैनेजमेंट हरकत में आ गया और बीते वीरवार को उसके खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए।