युवक कुंवारा और महिला पहले से शादीशुदा और एक बच्चे की मां। मोहब्बत हो गई तो अंजाम तो खौफनाक होना ही था। दोनों के शव हरियाणा के करनाल जिले में बरामद हुए।
गांव डबकौली खुर्द के खेतों में नलकूप के समीप पड़े दोनों शवों को देखकर ग्रामीण दंग रह गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर एफएसएल टीम ने नमूने लिए और जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं। दोनों मृतकों की पहचान हो गई है। इसमें युवक जींद जिले के गांव कंडेला वासी संजय है और युवती पंजाब के खनोरी गांव वासी बबली है।
युवक की जेब से मिले मोबाइल से उनके परिजनों को सूचित किया गया। फिलहाल परिजन मौके पर पहुंचे नहीं और दोनों डेड बॉडी का पोस्टमार्टम करवाने के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखवा दिए हैं। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
मामला प्रेम प्रसंग का
शनिवार को गांव डबकौली खुर्द के खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक-युवती के शव की सूचना पर ब्याना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चौकी के प्रभारी सतपाल ने मौके पर पहुंचकर शवों को देखा तो पास में एक मोटरसाइकिल खड़ी थी तथा युवक की जेब में मोबाइल फोन मिला।
फोन के आधार पर जांच की तो युवक की पहचान जींद जिले के गांव कंडेला निवासी संजय (32) व युवती की पहचान पंजाब के खनोरी निवासी बबली (31) के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच करवाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए करनाल मेडिकल कालेज भेज दिए। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि से मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। परिजनों के आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हत्या की आशंका भी जताई
पुलिस का कहना है कि दोनों रात को घर से भागे। बताया जा रहा है कि युवक की शादी नहीं हो रही और युवती एक पांच साल के बच्चे की मां है। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी रही। बहुत से लोगों ने इस घटना पर हत्या की आशंका भी जताई है। परिजनों के बयान ही इस राज को खोलेंगे।
वर्जन
युवक और महिला का मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस ने आईपीसी 174 की कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए करनाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। एफ एसएल रिपोर्ट आने व दोनों के परिजनों के आने के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चल सकेगा।
- सतपाल, ब्याना चौकी प्रभारी, इंद्री।