पिछले कई दिन से पुलिस भर्ती के लिए चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान शुक्रवार को दौड़ लगा रहे आठ अभ्यर्थी बेसुध होकर गिर पड़े। इनमें से दो की मौत हो गई जबकि छह युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक तौर पर मृतक युवकों द्वारा नशीला पदार्थ सेवन किए जाने की बात कही है। वहीं उपचार ले रहे युवकों ने दौड़ से पहले केवल जूस पीने का ही दावा किया है। इस घटना से जहां भर्ती अधिकारियों में भी अफरा-तफरी मच गई, वहीं भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े होने रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस भर्ती के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे आठ युवक दौड़ लगाने के दौरान बिहोश होकर गिर गए। इनमें भिवानी जिला के धुरानीकलां निवासी सोमबीर, गुडगांवा निवासी संदीप, भिवानी के गांव खरपुरा निवासी लक्ष्मीनारायण के अलावा सुनील कुमार, सुखदेव, मुकेश, गौतम व एक अन्य युवक शामिल है।
बेहोश हुए इन युवकों को वहीं पर तैनात पुलिस कर्मियों ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। यहां मौजूद डॉक्टरों ने बेसुध हुए युवकों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और गंभीर हालत के चलते सोमबीर को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई।
लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में उपचार के दौरान एक अन्य युवक ने बाद में दम तोड़ दिया। होश में आने के बाद लक्ष्मीनारायण और संदीप ने बताया कि फिजीकल से पहले उन्होंने मौसमी का जूस पिया था और दौड़ते समय अचानक चक्कर आने लगे। इसी दौरान वे बेसुध होकर नीचे गिर गए, इसके बाद उन्होंने अपने आप को अस्पताल में पाया।