भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच पर सट्टा लगाने के आरोप में पुलिस ने जीरकपुर से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंकज कुमार निवासी सेक्टर-15ए, हिसार (हरियाणा) व सुरिंदर कुमार अबोहर, फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैम्बलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ढकोली पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई जगजीत सिंह बराड़ ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पीरमुछल्ला स्थित सोसाइटी में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टेस्ट सिरीज को लेकर सट्टा लगाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने हेड कांस्टेबल पवन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और गुप्त सूचना के आधार पर फ्लैट नंबर-111, ब्लॉक-सी, बॉलीवुड हाईट-2, पीरमुछल्ला में रेड की।
इस दौरान फ्लैट में दो युवक मिले, जो मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए भारत-आस्ट्रेलिया मैच की हार व जीत को लेकर लोगों से पैसे लेकर सौदे तय कर रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और फ्लैट की जांच की। जांच अधिकारी के अनुसार, पुलिस को आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और सात हजार रुपये की नगदी बरामद हुई, जिसको पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैम्बलिंग एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया।